राष्ट्रीय अंडर-15 एवं अंडर-17 बैडमिंटन चैंपियनशिप के लिए छत्तीसगढ़ की टीम चयनित

राष्ट्रीय अंडर-15 एवं अंडर-17 बैडमिंटन चैंपियनशिप के लिए छत्तीसगढ़ की टीम चयनित
एनटीपीसी लारा में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का सफल समापन
रायगढ़। एनटीपीसी लारा में आयोजित योनेक्स-सनराइज 25वीं छत्तीसगढ़ राज्य सब-जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 का सफलतापूर्वक समापन हुआ। रायगढ़ जिला बैडमिंटन संघ द्वारा आयोजित एवं एनटीपीसी लारा के सहयोग से संपन्न इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग 300 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। 30 अक्टूबर से 4 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में अंडर-15 एवं अंडर-17 बालक-बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने सिंगल्स, डबल्स एवं मिक्स्ड डबल्स मुकाबलों में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में रायगढ़ जिला बैडमिंटन संघ ने समन्वय, व्यवस्थापन एवं संचालन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई। संघ की पूरी टीम ने एनटीपीसी के साथ समन्वय स्थापित कर प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में एनटीपीसी लारा के परियोजना प्रमुख श्री सुभाष ठाकुर एवं प्रेरिता महिला समिति की अध्यक्ष श्रीमती रेखा ठाकुर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में रायगढ़, दुर्ग, बिलासपुर, रायपुर एवं धमतरी सहित प्रदेश के कई जिलों के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के आधार पर अंडर-15 एवं अंडर-17 वर्ग के लिए चयनित खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। चयनित खिलाड़ियों की घोषणा प्रतियोगिता के मुख्य रेफरी द्वारा समापन समारोह के दौरान की गई।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित छत्तीसगढ़ टीम
अंडर-15 वर्ग (बालक एवं बालिका)
मिक्स्ड डबल्स: हर्षित कुमार (रायगढ़), वेदिका एस. ज्ञानी (दुर्ग)
गर्ल्स डबल्स: कहंक साहू (धमतरी), शन्वी गुप्ता (रायपुर)
बॉयज डबल्स: सैयद ज़ायान अली (बिलासपुर), अरहान खान (रायपुर)
गर्ल्स सिंगल्स: वेदिका एस. ज्ञानी (दुर्ग), शन्वी गुप्ता (रायपुर)
बॉयज सिंगल्स: सैयद ज़ायान अली (बिलासपुर), हर्षित कुमार (रायगढ़)
अंडर-17 वर्ग (बालक एवं बालिका)
मिक्स्ड डबल्स: अथर्व गंभीर (बिलासपुर), आरना श्रीवास्तव (बिलासपुर)
गर्ल्स डबल्स: आरना श्रीवास्तव (बिलासपुर), देविका खत्री (बिलासपुर)
गर्ल्स सिंगल्स: सान्वी छत्रे (रायपुर), रेनुश्री यवर्णा (रायपुर)
बॉयज सिंगल्स: श्रेयांश विक्रम पाठक (रायपुर), अथर्व गंभीर (बिलासपुर)
बॉयज डबल्स: अथर्व गंभीर (बिलासपुर), उत्सव अग्रवाल (रायपुर)
चयनित खिलाड़ियों की यह टीम आगामी राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेगी।
समारोह में प्रतियोगिता के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले तकनीकी अधिकारियों एवं निर्णायकों को भी सम्मानित किया गया। आयोजन के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल भावना एवं प्रतिस्पर्धात्मक कौशल का परिचय दिया।
एनटीपीसी लारा अपने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के अंतर्गत क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने एवं युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस प्रकार के आयोजन ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का मंच प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम का समापन सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं एवं उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना के साथ हुआ।
